Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले को मिली वैक्सीन, 15,500 किशोरियों का होगा टीकाकरण


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग जल्द टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रहा है। विभाग को इस वैक्सीन की आपूर्ति मिल चुकी है और इसे निर्धारित तापमान पर कोल्ड चेन में सुरक्षित रखा गया है। संभावना है कि अगले सप्ताह से टीकाकरण की शुरुआत कर दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे किशोरियों को चिन्हित किया है जिनकी उम्र 14 वर्ष पूरी हो चुकी है और अभी 15 वर्ष नहीं हुई है। जिले में करीब 15,500 किशोरियां इस टीकाकरण के लिए पात्र पाई गई हैं। इन सभी का पहले ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें टीका लगाया जाएगा।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता के अनुसार गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर महिलाओं में होने वाली आम बीमारियों में शामिल है। समय पर टीकाकरण कराने से इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह टीका बाजू में लगाया जाएगा और इसकी एक खुराक ही पर्याप्त मानी जाती है।

टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया है। हापुड़ सीएचसी में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने की प्रक्रिया, पंजीकरण और जरूरी सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. कपिल त्यागी और एआरओ मोहित त्यागी भी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले के स्कूलों, गांवों और मोहल्लों में सर्वे कर पात्र किशोरियों की सूची तैयार की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि वैक्सीन जिले को प्राप्त हो चुकी है और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जल्द ही अभियान शुरू कर पात्र किशोरियों को टीका लगाया जाएगा।