Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिजली बिल बकायेदारों के घर पहुंचेंगे कर्मचारी, भुगतान न करने पर कटेगा कनेक्शन


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

बिजली विभाग ने बकाया बिल की वसूली को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। हापुड़ डिवीजन के तीनों उपखंडों में ऐसे 15,355 उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया है, जिन पर पांच हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। इन सभी उपभोक्ताओं पर मिलाकर लगभग 26 करोड़ रुपये का बकाया बताया जा रहा है।

विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं की सूची अवर अभियंताओं को सौंप दी है। अब विभागीय कर्मचारी इन उपभोक्ताओं के घर पहुंचकर उन्हें बकाया बिल जमा कराने के लिए कहेंगे। अगर निर्धारित समय के भीतर बिल का भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।

ऊर्जा निगम की ओर से पहले बिजली बिल राहत योजना भी चलाई गई थी। इस योजना के तहत जिले में करीब 45 हजार उपभोक्ताओं को शामिल किया गया था, जिन पर कुल 89 करोड़ रुपये का बकाया था। हालांकि अब तक करीब 35 करोड़ रुपये की ही वसूली हो सकी है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार हापुड़ डिवीजन में अभी भी 30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बकाया है। अधिकारियों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं पर पांच हजार रुपये से अधिक का बकाया है, उन्हें लगातार भुगतान करने के लिए चेतावनी दी जा रही है।

अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी के मुताबिक बकायेदारों की सूची संबंधित अवर अभियंताओं को भेज दी गई है। समय पर भुगतान न करने वालों के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।