HALCHAL INDIA NEWS
पिलखुवा। सोमवार को बस अड्डा चौकी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्कूल बस में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से धुआं निकलने लगा। बस में हल्की आग जैसी स्थिति बन गई, लेकिन चालक और स्कूल स्टाफ की सतर्कता से सभी बच्चों को तुरंत नीचे उतार लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना एलिवेटेड पुल के नीचे बस स्टैंड के पास की बताई जा रही है। उस समय इलाके में लोगों की आवाजाही भी काफी थी। जानकारी के मुताबिक यह बस रजनी विहार स्थित कोहिनूर पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। बस में सवार छात्र परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बस के अंदर से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत बस रोकी और स्टाफ की मदद से बच्चों को बाहर निकाल दिया।
सूचना मिलने पर पिलखुवा कोतवाली पुलिस और बस अड्डा चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बस को सड़क किनारे लगवाकर भीड़ को हटाया। कुछ देर के लिए वहां यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस और यातायात कर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए जल्द ही यातायात सामान्य करा दिया।
कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान के अनुसार बस में शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते बच्चों को बस से उतार लिए जाने के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया।
.jpg)


.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin