Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नलों में आ रहा कीड़े, रेत और मिट्टी मिला पानी, गढ़ नगर में पेयजल आपूर्ति पर उठे सवाल


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। हर घर जल योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों के बीच गढ़ नगर में पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई वार्डों के निवासियों ने शिकायत की है कि उनके घरों के नलों से कीड़े, रेत और मिट्टी मिला पानी निकल रहा है। इस स्थिति से लोगों में नाराजगी है और स्वास्थ्य को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि जल निगम शहरी की ओर से घर-घर कनेक्शन देने के लिए नगर की कई सड़कों पर खुदाई कर पाइपलाइन डाली जा रही है। लेकिन कुछ स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने और पुरानी लाइनों से जोड़ने में लापरवाही बरतने के आरोप लग रहे हैं। इसी कारण कई जगह पाइपलाइन में रिसाव होने लगा है, जिससे गंदगी पानी की सप्लाई में मिल रही है।

इस समस्या के कारण गढ़ नगर के कई वार्डों में रहने वाले लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब पानी के चलते कई लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। ब्रजघाट क्षेत्र के सभासद अरुण गौड़, विनय यादव और विनय सागर ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के लोग विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

वहीं नगर पालिका की ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने इस मामले को गंभीर मानते हुए जल निगम के एक्सईएन को पत्र भेजकर कार्य को मानकों के अनुसार कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पालिका की जलकल टीम को आदर्श नगर, राजीव नगर, मीरा रेती और नाजिम कॉलोनी की पेयजल लाइनों की सफाई कराने के लिए लगाया गया है, ताकि लोगों को स्वच्छ पानी मिल सके।