Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

तेल-गैस की किल्लत की अफवाह पर सरकार सख्त, सीएम के निर्देश के बाद हापुड़ में पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर निरीक्षण


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

प्रदेश में तेल और गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।


मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। सीएम ने स्पष्ट कहा है कि तेल और गैस की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम के आदेशों के बाद हापुड़ में भी प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई है। हापुड़ कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय ने क्षेत्र की गैस एजेंसियों, गैस गोदामों और पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एजेंसी संचालकों से गैस आपूर्ति व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की समीक्षा की।


कोतवाली प्रभारी ने एजेंसी मालिकों से कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और बुकिंग सेवा सुचारू रूप से संचालित रखी जाए। साथ ही गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की किसी भी शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडर की सप्लाई करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। उन्हें स्पष्ट रूप से हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध तरीके से सिलेंडर बेचने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जिलों की पुलिस को पेट्रोल पंपों पर नजर रखने और आपूर्ति विभाग को गैस एजेंसियों व दुकानों का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन को भी गैस दुकानों पर नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू बनी रहे।