Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

विकास कार्यों में अनियमितता पर मोरपुर प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

विकास खंड के गांव फाजिलपुर उर्फ मोरपुर में विकास कार्यों को लेकर अनियमितता मिलने पर प्रशासन ने ग्राम प्रधान के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगा दी है। आरोप है कि सड़क निर्माण किए बिना ही सरकारी धन का भुगतान कर दिया गया। शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे मामले की जांच कराई गई थी।

ग्रामीणों महेश चंद, राहुल, रामबीर सिंह, अंकित कुमार और अनिल कुमार ने अप्रैल 2025 में जिलाधिकारी से शिकायत कर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में गड़बड़ी और फर्जी तरीके से धन निकाले जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने मामले की जांच खंड विकास अधिकारी को सौंपी।

जांच के दौरान तैयार रिपोर्ट में ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह पर लगाए गए आरोपों को सही पाया गया। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला लेखा परीक्षा अधिकारी से भी जांच कराई गई।

जांच पूरी होने के बाद ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत सचिव कृष्ण कुमार और कंसल्टिंग इंजीनियर मोहित कुमार को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में जवाब मांगा गया था। जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान और इंजीनियर की ओर से जवाब दिया गया, लेकिन वह संतोषजनक नहीं माना गया। वहीं ग्राम पंचायत सचिव की ओर से अब तक कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया है।

प्राथमिक जांच में दोषी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार फिलहाल सीज कर दिए हैं। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाली फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला पंचायत राज अधिकारी के मुताबिक खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि ग्राम पंचायत के कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए पंचायत सदस्यों की बैठक कर तीन सदस्यीय समिति गठित की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को एक माह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।