Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

14-15 मार्च को होगी UP SI भर्ती परीक्षा, डीएम-एसपी ने ली तैयारियों की समीक्षा; नकल रोकने को कड़े इंतजाम


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

आगामी 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली यूपी दरोगा (एसआई) भर्ती लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा को नकल-विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मजिस्ट्रेट ड्यूटी, ट्रैफिक प्रबंधन और परीक्षा की गोपनीयता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाए।

प्रशासन के अनुसार जिले में परीक्षा के लिए नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। सभी नौ परीक्षा केंद्रों को तीन जोन में विभाजित किया गया है, जहां प्रत्येक केंद्र पर कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी और जैमर लगाए जाएंगे, ताकि मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल की किसी भी संभावना को रोका जा सके।


पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और सेक्टर अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखेंगे।

जिले में आर्य कन्या पाठशाला स्वर्ग आश्रम रोड, चौधरी ताराचंद इंटर कॉलेज, दीवान इंटर कॉलेज, एसएसवी इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज बुलंदशहर रोड, सर्वोदय इंटर कॉलेज और श्री चंडी विद्यालय पिलखुवा सहित अन्य संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर हर कमरे में सीसीटीवी कैमरे और जैमर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।