Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

भाजपा की नई जिला टीम घोषित, तीन महामंत्रियों समेत 32 पदों पर नियुक्ति, जश्न का माहौल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने जिले की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नवगठित जिला टीम में श्यामेंद्र त्यागी, राहुल उपाध्याय और कपिल एसएम को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके अलावा संगठन के विभिन्न पदों पर कुल 32 पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है। 

नई सूची जारी होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देने वालों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। जिलाध्यक्ष कविता माधरे के आवास पर भी समर्थकों ने खुशी जताते हुए जश्न मनाया। बताया जा रहा है कि जिला कमेटी के गठन को लेकर काफी समय से मंथन चल रहा था। 

प्रदेश स्तर पर विचार-विमर्श के बाद नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। नई टीम में कई नए चेहरों को स्थान मिला है, जबकि कुछ पुराने पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इससे संगठन में संतुलन बनाने का प्रयास माना जा रहा है।

जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने जानकारी देते हुए बताया कि राजसुंदर तेवतिया, पवन सैनी, मनोज गौतम, राजीव सिरोही, राजेश शर्मा, पायल गुप्ता, जयभगवान शर्मा और पुनीत गोयल को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं नरेश गुर्जर, पिंकी त्यागी, नवीन तोमर, संगीता पुरुषोत्तम, अमित शर्मा, अनिरुद्ध सिंह कस्तला, सन्नी तोमर और हितेश कुमार को जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। 

अंशुल मित्तल को जिला कोषाध्यक्ष तथा नरेंद्र त्यागी को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। राजीव शर्मा को कार्यालय मंत्री और मुदित गोयल को सह कार्यालय मंत्री बनाया गया है। मीडिया प्रबंधन के लिए अमित टांक को जिला मीडिया प्रभारी तथा अमित नागर और कृष्ण कुमार को सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सोशल मीडिया और आईटी विभाग में भी नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जतिन साहनी को सोशल मीडिया का जिला संयोजक तथा हरवीर लोधी और पीके सिसोदिया को सह संयोजक बनाया गया है। आईटी विभाग में संजय तोमर को जिला संयोजक, जबकि गोविंद राघव और विपुल अग्रवाल को सह संयोजक नियुक्त किया गया है। संगठन की घोषणा के साथ ही नगर निकायों में नामित सभासदों को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। 

पार्टी सूत्रों के अनुसार हापुड़, गढ़ और पिलखुवा नगर पालिकाओं के साथ-साथ बाबूगढ़ नगर पंचायत के लिए भी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के नाम भेजे गए हैं। इन निकायों में नामित सभासदों की नियुक्ति जल्द होने की संभावना है।

इसके अतिरिक्त हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) में भी तीन सदस्यों की नियुक्ति प्रस्तावित बताई जा रही है। सदस्य बनने के लिए संगठन में पूर्व में महत्वपूर्ण पद पर कार्य करना अनिवार्य माना जाता है। इस पद के लिए पूर्व जिला महामंत्री मोहन सिंह का नाम प्रमुख रूप से चर्चा में है। 

नई जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद पार्टी संगठन में सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि नई टीम आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन विस्तार में अहम भूमिका निभाएगी।