Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

कार का शीशा तोड़ने के विरोध पर परिवार से मारपीट का आरोप, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज


HALCHAL INDIA NEWS

बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा में कार का शीशा तोड़े जाने का विरोध करने पर एक परिवार के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी छोटू उर्फ सचिन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे वह अपने भतीजे, पत्नी और बच्चों के साथ कार से मेरठ की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कुछ लोग पहले से मौजूद थे और उन्होंने कार पर पत्थर फेंककर उसका शीशा तोड़ दिया।

पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद उसने अपने भाई भोलू को फोन कर मौके पर बुलाया। जब उसका भाई वहां पहुंचा तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे कार से बाहर खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी हाथापाई की गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि हंगामे के दौरान उसकी पत्नी की सोने की चेन भी गायब हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही योगेश, ज्ञानी, रवि और रवि पुत्र चमनलाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।