HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन शस्त्र अभियान के तहत थाना धौलाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को अवैध असलहा के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को फेस-2 से रावली नहर पुल जाने वाले रास्ते से चेकिंग के दौरान दबोचा। आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध की रोकथाम और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना धौलाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध असलहा लेकर क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर फेस-2 से रावली नहर पुल की ओर जाने वाले रास्ते पर दो युवकों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपितों की पहचान समीर पुत्र अलाउद्दीन निवासी कस्बा व थाना दादरी जनपद गौतमबुद्धनगर और सोनू पुत्र कालीचरण निवासी ग्राम जैनपुर थाना रोहटा जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना धौलाना में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनसे पूछताछ कर यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि अवैध असलहा कहां से लाया गया और किस उद्देश्य से रखा गया था।
.jpg)





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin