Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मोबाइल चोरी का खुलासा, धौलाना पुलिस ने आरोपी को दबोचा

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना धौलाना पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पिपलैड़ा गैस गोदाम के पास से दबोचा, जिसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। 

थाना प्रभारी के अनुसार जनपद में अपराध की रोकथाम और चोरों व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना धौलाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोबाइल चोरी की घटना में शामिल आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। 

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पिपलैड़ा गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान शानू पुत्र शकील निवासी भूड़गढ़ी थाना मंसूरी जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो थाना धौलाना में दर्ज मुकदमा बीएनएस से संबंधित बताया जा रहा है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया। 

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उससे पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।