Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आंगन में सो रही मासूम पर आवारा कुत्ते का हमला, हालत नाजुक


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मजीदपुरा इलाके में घर के आंगन में सो रही दो वर्षीय बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची सुबह के समय घर के आंगन में खाट पर सो रही थी, जबकि परिजन अंदर मौजूद थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता घर में घुस आया और बच्ची को नीचे गिराकर उसके चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची के चेहरे पर गहरे घाव हो गए और उसकी हालत बिगड़ गई।

घटना के बाद घबराए परिजन बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के साथ एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया। हालत गंभीर होने के चलते बच्ची को बेहतर इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

वहीं, नवादा कला गांव में भी इसी तरह की एक और घटना सामने आई, जहां दो वर्षीय बच्चे को कुत्ते ने काट लिया। उसे भी अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में एंटी रेबीज वैक्सीन और जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में लोग कुत्ते के काटने के बाद अस्पताल पहुंचकर इंजेक्शन लगवाते नजर आए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और ऐसे मामलों में तुरंत इलाज कराने की सलाह दी गई है।