Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फर्जी जाति प्रमाणपत्र से बना प्रधान, पुलिस के शिकंजे में आया हेमचंद


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना पिलखुवा पुलिस ने कूटरचित अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र बनवाकर आरक्षण सहित अन्य सरकारी लाभ प्राप्त करने के आरोप में ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी के अनुसार, बीएनएस के तहत वांछित नामजद अभियुक्त हेमचंद पुत्र भाग सिंह निवासी ग्राम चंदपुरा को उसके गांव स्थित प्राथमिक पाठशाला के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र बनवाने तथा उसके आधार पर चुनाव लड़कर ग्राम प्रधान बनने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आरोप है। 

बताया जा रहा है कि मामले की जांच के दौरान दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद से आरोपी की तलाश की जा रही थी। पिलखुवा पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही पूरे प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।