हापुड़।
जनपद में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति तय करने को लेकर 5 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय सचिव व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रदीप नरवाल कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह बैठक हापुड़ के गोल मार्केट स्थित पंडित छज्जूमल जी की धर्मशाला में आयोजित होगी, जहां दोपहर 12 बजे प्रभारी प्रदीप नरवाल कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे।
राकेश त्यागी ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल को लेकर कहा कि इस दौरान संगठन को मजबूती देने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के साथ-साथ संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। हालांकि इस दौरान कई चुनौतियां भी सामने आईं, लेकिन इन चुनौतियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का काम किया है।
उन्होंने कहा, “पिछले एक साल में हमने संगठन को जमीनी स्तर पर खड़ा करने का काम किया है। कई नए साथियों को जोड़ा गया, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाई गई और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया गया। चुनौतियां जरूर आईं, लेकिन हमने उनसे पीछे हटने के बजाय सीख लेकर आगे बढ़ने का काम किया। हमारा उद्देश्य केवल संगठन को चलाना नहीं, बल्कि उसे जनपद में एक मजबूत और प्रभावी ताकत बनाना है। आने वाले समय में कांग्रेस जनपद हापुड़ में एक नई ऊर्जा और नई सोच के साथ काम करेगी।
समीक्षा बैठक में हम सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कमियों पर भी चर्चा करेंगे और उन्हें दूर करने की ठोस रणनीति तैयार करेंगे। मेरा स्पष्ट लक्ष्य है कि हर कार्यकर्ता को सम्मान मिले, उसकी भागीदारी सुनिश्चित हो और संगठन बूथ स्तर तक पूरी तरह सक्रिय हो। आने वाले चुनावों को देखते हुए हम अभी से मजबूत तैयारी में जुटे हैं और यह बैठक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग समय पर पहुंचकर बैठक को सफल बनाएं, ताकि संगठन को और अधिक मजबूती दी जा सके।
इस दौरान पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी पति अरुण वर्मा, एससी-एसटी कांग्रेस के प्रदेश सचिव नरेश भाटी, जिला महासचिव गौरव गर्ग, जिला महासचिव इकबाल प्रधान, मनोज कौशिक, जस्सा सिंह, महबूब अली समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।








.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin