Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

66 करोड़ के विकास प्रस्तावों को मिली लखनऊ से हरी झंडी, अब केंद्र की मंजूरी का इंतजार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जिले के अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराने की तैयारी तेज हो गई है। करीब 66 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए प्रस्तावों को लखनऊ स्तर से मंजूरी मिल चुकी है और अब इन्हें अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि अप्रैल के अंत या मई के मध्य में होने वाली बैठक में इन योजनाओं पर अंतिम निर्णय हो जाएगा।

योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए चार गांवों—घुंघराला, धौलाना, भदस्याना और शेखपुर खिचरा—में मिनी खेल स्टेडियम बनाए जाने का प्रस्ताव है। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन स्टेडियमों से ग्रामीण युवाओं को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर मंच मिलेगा। जिले में ब्लॉक स्तर पर खेल मैदानों की कमी को देखते हुए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में इंटर कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), ऑडिटोरियम और बारातघर जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नगर पालिका क्षेत्र के एक वार्ड में बारातघर निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा गया है, जबकि अन्य विभागों द्वारा कई स्थानों का चयन पहले ही कर लिया गया है।

योजना का लाभ उन गांवों और वार्डों को मिलेगा जहां अल्पसंख्यक आबादी 25 प्रतिशत से अधिक है। विकास कार्य पूरे होने के बाद लगभग 40 से अधिक गांवों और 10 से ज्यादा मोहल्लों के हजारों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुनीता मंदार ने बताया कि जिले से भेजे गए प्रस्तावों को लखनऊ से मंजूरी मिलने के बाद केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। आगामी बैठक में अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।