हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड पर बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एफसीआई के चावल से भरे ट्रक से बोरे उतारे जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख मौके पर मौजूद लोग अफरातफरी में सात बोरे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने पर जिला पूर्ति विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और बरामद बोरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे मोदीनगर रोड स्थित पेपर मिल के सामने खाद्यान्न से लदा एक ट्रक आकर रुका। स्थानीय लोगों ने देखा कि कुछ व्यक्ति ट्रक से चावल के बोरे नीचे उतार रहे हैं, जिस पर उन्हें शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग हड़बड़ा गए और बोरे वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से सात बोरे बरामद किए, जिन पर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की मोहर लगी हुई बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि सरकारी खाद्यान्न की चोरी कर उसे अवैध रूप से खपाने की तैयारी की जा रही थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
सूचना मिलते ही जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। टीम ने बरामद खाद्यान्न को अपने कब्जे में लेकर उसके स्रोत और गंतव्य की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक कहां से आया था और सरकारी चावल को कहां उतारने की योजना थी।
उल्लेखनीय है कि मोदीनगर रोड पर हाल के दिनों में एफसीआई के खाद्यान्न की चोरी की एक और घटना सामने आ चुकी है, जिसमें रिपोर्ट दर्ज कर जांच चल रही है। ताजा मामले को भी उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि विभागीय टीम को मौके पर भेजकर बोरो की जांच कराई जा रही है। ट्रक और उससे जुड़े लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Social Plugin