Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

कॉलेज में ठहरे शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दरवाजा तोड़कर निकाला शव


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए आए एक लेक्चरर का शव शहर के एक इंटर कॉलेज के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक पिछले कई दिनों से कॉलेज परिसर में ही ठहरे हुए थे और वहीं से मूल्यांकन केंद्र पर जा रहे थे। शुक्रवार को निर्धारित समय तक केंद्र पर नहीं पहुंचने पर यह मामला सामने आया।

मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ थाना क्षेत्र के उत्तरी घटायन गांव निवासी 55 वर्षीय रविंद्र चौधरी के रूप में हुई है। वह हापुड़ के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मेरठ रोड पर श्री शांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज में कृषि विभाग के लेक्चरर के पद पर कार्यरत थे।


बताया गया कि उनकी ड्यूटी यूपी बोर्ड की कॉपियां जांचने के लिए लगी थी और 15 मार्च से वह कॉलेज परिसर के एक कमरे में रह रहे थे। वहीं से वह प्रतिदिन मूल्यांकन केंद्र स्थित एसएसवी इंटर कॉलेज जाते थे। शुक्रवार को दोपहर तक जब वह मूल्यांकन कार्य के लिए नहीं पहुंचे तो केंद्र से कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई।


कॉलेज कर्मियों ने जब उनके कमरे पर जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था और काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर रोशनदान से झांककर देखा गया तो वह जमीन पर पड़े दिखाई दिए। इसकी जानकारी तुरंत कॉलेज प्रशासन को दी गई। प्राचार्य द्वारा सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे में लेक्चरर का शव फर्श पर पड़ा मिला। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


कमरे में एक मेज पर खाना बनाने का सामान रखा मिला, जिसमें चावल से बना पुलाव भी पाया गया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृतक ने रात में स्वयं भोजन तैयार किया था। उसी मेज के पास उनका शव पड़ा मिला, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।