पिलखुवा। दो दिन की लगातार बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम साफ होते ही शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ईद से एक दिन पहले खरीदारी के लिए निकले लोगों के सैलाब ने प्रमुख बाजारों और सड़कों पर यातायात व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया। गांधी बाजार, जवाहर बाजार, घास मंडी और रेलवे रोड पर घंटों लंबा जाम लगा रहा, जिससे लोग अपने वाहनों में फंसे रहने को मजबूर हो गए।
सबसे खराब स्थिति गांधी बाजार स्थित नाले के पास रही, जहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। फलों की मंडी और आसपास के इलाकों में भी खरीदारों की भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों की बारिश के कारण लोग घरों में ही थे। जैसे ही मौसम खुला, ईद की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग एक साथ बाजारों में पहुंच गए, जिससे सड़कों पर अचानक दबाव बढ़ गया और जाम की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ते देख कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस बल के साथ ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। जाम कम करने के लिए कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। कस्बा चौकी प्रभारी सुनील परिहार दादरी गेट पर अपनी टीम के साथ तैनात रहे। यहां से शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को रोककर उनका डायवर्जन किया गया, ताकि अंदरूनी सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। कुछ समय के लिए बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई।
मारवाड़ चौकी प्रभारी मेजर सिंह ब्रिक और बस अड्डा चौकी प्रभारी परविंदर सिंह ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता दिखाते हुए जाम खुलवाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा। थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था आगे भी लागू की जाएगी।
.jpg)


.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin