Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सामुदायिक भवन और कूड़ा वाहनों को लेकर पिलखुवा नगरपालिका पर उठे सवाल, लोगों ने जताई नाराजगी


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। शैलेष फार्म कॉलोनी में सामुदायिक भवन के उपयोग और कूड़ा उठाने वाले वाहनों की पार्किंग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने नगरपालिका प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन न होने की शिकायत की है। मामले को लेकर कॉलोनीवासियों में रोष बढ़ता दिखाई दे रहा है।

निवासियों के अनुसार कॉलोनी के लिए बनाए गए सामुदायिक भवन को भंडारण के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है और परिसर में कूड़ा गाड़ियों की पार्किंग कर दी गई है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले नगरपालिका अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में जिलाधिकारी से शिकायत की गई, जहां से भवन खाली कराने और वाहनों को हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी की बाउंड्रीवाल तोड़कर गेट बनाना और वाहनों की आवाजाही बढ़ाना उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की।

नगरपालिका का पक्ष

नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने कहा कि सामुदायिक भवन और वाहनों की व्यवस्था अस्थायी रूप से जनहित को ध्यान में रखकर की गई है। यदि किसी को असुविधा है तो मामले की जांच कर समाधान किया जाएगा।

चेयरमैन का पक्ष

नगर पालिका अध्यक्ष विभु बंसल ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और जल्द समाधान किया जाएगा।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासनिक आदेशों का पालन नहीं हुआ तो वे आगे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।