Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, पति सहित आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नगर कोतवाली क्षेत्र के आनंद विहार में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि कार और दो लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने पति सहित आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता सविता सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 12 दिसंबर 2018 को सोनू सैनी निवासी पहाड़गंज (नई दिल्ली) से हुई थी, जो वर्तमान में हापुड़ के आनंद विहार मोहल्ले में रह रहा था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास, जेठ-जेठानी और ननद ने दहेज में कार और दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करनी शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।

महिला का आरोप है कि नवंबर 2023 में उसके साथ गंभीर मारपीट की गई। बाद में उसे पता चला कि उसका पति मेरठ जिले की एक युवती से दूसरी शादी करने की कोशिश कर रहा था। पीड़िता का कहना है कि उस युवती ने भी फोन कर धमकियां दीं और आपत्तिजनक ऑडियो व मैसेज भेजकर परेशान किया।

पीड़िता के अनुसार 12 मार्च को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे और उसके दो बेटों को कार में बैठाकर मेरठ रोड स्थित साइलो मोड़ के पास छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद उसने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।

क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा ने बताया कि एसपी के आदेश पर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।