Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को राहत, रिचार्ज खत्म होने पर छुट्टी और रात में नहीं कटेगी बिजली


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ जिले में प्रीपेड बिजली मीटर उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब यदि किसी उपभोक्ता का रिचार्ज रविवार, सरकारी अवकाश या रात के समय खत्म हो जाता है, तो उसी समय बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को अगले दिन तक रिचार्ज कराने का मौका दिया जाएगा, उसके बाद ही सप्लाई रोकी जाएगी।

ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार जिले के तीनों डिवीजनों में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। हापुड़ डिवीजन में लगभग 12 हजार उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं और अब रिचार्ज के आधार पर ही बिजली आपूर्ति दी जा रही है। पहले रिचार्ज समाप्त होते ही बिजली कट जाती थी, जिससे खासकर रात के समय लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी और बिजलीघरों पर विरोध की स्थिति बन जाती थी।

नई व्यवस्था के तहत यदि रात में या अवकाश के दिन रिचार्ज खत्म हो जाता है, तो बिजली चालू रहेगी, लेकिन अगले कार्यदिवस की सुबह तक रिचार्ज कराना जरूरी होगा। समय पर रिचार्ज न कराने पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।

ऊर्जा निगम के आंकड़ों के मुताबिक जिले में 2580 प्रीपेड उपभोक्ताओं के बिल अभी भी निगेटिव में चल रहे हैं और उन पर करीब 35 लाख रुपये का बकाया है। विभाग लगातार बकाया वसूली पर जोर दे रहा है और उपभोक्ताओं से समय पर भुगतान करने की अपील की गई है।

बकाया वसूली के लिए 25 से 31 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न गांवों और मोहल्लों में कैंप लगाकर बिल जमा कराए जाएंगे और कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कैंप में पहुंचकर अपना बकाया जमा करें और बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें।