Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़: बत्ती गुल होने पर बिजली चोरी करते छह लोग पकड़े गए


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ के रफीकनगर क्षेत्र में प्रीपेड मीटर का रिचार्ज खत्म होने के बाद कई घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बिजली बंद होने पर कुछ उपभोक्ताओं ने बिना रिचार्ज कराए कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली लेने की कोशिश की। ऊर्जा निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुबह तड़के छापेमारी कर छह लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ लिया, जबकि कुछ लोग टीम के पहुंचने से पहले तार हटाकर मौके से बच निकले।

जानकारी के अनुसार हापुड़ डिवीजन में करीब 12 हजार उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को पहले मीटर रिचार्ज कराना अनिवार्य है, तभी बिजली आपूर्ति मिलती है। रफीकनगर में कई घरों का रिचार्ज खत्म होने से सप्लाई बंद हो गई थी, जिसको लेकर कुछ लोग पोर्टल में खराबी की बात कहकर विरोध भी कर रहे थे।

बुधवार सुबह करीब चार बजे ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने पुलिस के साथ क्षेत्र में मॉर्निंग रेड की। जांच के दौरान छह घरों में कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। पकड़े गए लोगों के खिलाफ विभाग की ओर से तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को पहले रिचार्ज करना जरूरी है, तभी बिजली आपूर्ति मिलती है। रफीकनगर में जिन लोगों का रिचार्ज खत्म था, वे अवैध रूप से बिजली लेते पाए गए हैं और सभी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।