Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिना बुखार भी शरीर में दर्द और कमजोरी, मौसम बदलते ही बढ़ी दिक्कतें


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़

मौसम में अचानक आए बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। इन दिनों बड़ी संख्या में मरीज शरीर में दर्द, कमजोरी और हल्की गतिविधि में ही सांस फूलने जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई मरीजों को बुखार नहीं है, फिर भी वायरल जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं।

चिकित्सकों के अनुसार, तापमान में तेजी से बढ़ोतरी और मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण इस तरह की समस्याएं बढ़ी हैं। अस्पतालों में आने वाले कई मरीजों में तेज बदन दर्द, थकान, सिरदर्द और सुस्ती जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं, जबकि जांच में तापमान सामान्य मिल रहा है। साथ ही लो ब्लड प्रेशर और शरीर में पानी की कमी के मामले भी बढ़ रहे हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि ऐसी स्थिति में मरीजों को पर्याप्त पानी पीने, आराम करने और नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराने की सलाह दी जा रही है। यदि बीपी कम हो जाए तो नमक और चीनी का घोल पीना लाभकारी हो सकता है, जिससे शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है और डिहाइड्रेशन से बचाव होता है।

वहीं, बच्चों में सर्दी, खांसी और बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि इस मौसम में बच्चों को ठंडी चीजों और फास्ट फूड से दूर रखें। किसी भी गंभीर लक्षण की स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेकर ही उपचार कराएं।