HALCHAL INDIA NEWS
गढ़मुक्तेश्वर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत गंगानगरी में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन अब लोगों के लिए राहत की बजाय मुसीबत बनती जा रही है। करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत से तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट में कई स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज की समस्या सामने आ रही है, जिससे सड़कों पर पानी बह रहा है और मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
नगर के कोतवाली मार्ग, नक्का कुआं रोड, गढ़ चौपला, रविदास चौक और मीरा रेती क्षेत्र में पाइपलाइन से पानी रिसने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। कई जगह पाइप फटने से पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे सड़कें कमजोर होकर धंसने लगी हैं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के दौरान सड़कों को तोड़ दिया गया, लेकिन मरम्मत का काम अधूरा छोड़ दिया गया। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जल निगम (शहरी) की जिम्मेदारी होने के बावजूद अधिकारी इस समस्या की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
सभासद विनय सागर ने बताया कि पहले सीवर लाइन और अब पेयजल पाइपलाइन के कारण नगर की सड़कें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। टूटी सड़कों की वजह से यातायात बाधित हो रहा है और लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे प्रोजेक्ट की जांच कराकर लीकेज को जल्द ठीक कराने की मांग की है।
जल निगम (शहरी) के अधिशासी अभियंता अमीरुल हसन ने बताया कि जहां-जहां समस्या की शिकायत मिल रही है, वहां जांच कराकर तत्काल समाधान कराया जाएगा। यदि पाइपलाइन जल निगम के अंतर्गत आती है तो संबंधित जेई को भेजकर कार्रवाई की जाएगी।








.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin