Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गढ़मुक्तेश्वर में बंदरों का बढ़ता आतंक, लोग दहशत में


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। नगर के कई मोहल्लों में बंदरों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। बाग कॉलोनी, तहसील क्षेत्र, आदर्श नगर और राजीव नगर सहित विभिन्न इलाकों में बंदरों के झुंड लगातार घरों की छतों और गलियों में घूमते दिखाई दे रहे हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बंदर अक्सर छतों पर बैठकर सामान खराब कर देते हैं और कई बार बच्चों पर झपट्टा मारने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। इस वजह से अभिभावक बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं और दिनभर सतर्क रहना पड़ रहा है।

बंदरों के कारण बिजली के मीटर, तार और छतों पर लगे सोलर पैनल भी सुरक्षित नहीं हैं। कई घरों में बंदरों ने तार खींचकर नुकसान पहुंचाया है, जिससे लोगों को आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है।

नगरवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द बंदरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है।

एसडीएम श्रीराम यादव ने बताया कि पहले भी पालिका की ओर से बंदरों को पकड़वाने की कार्रवाई की गई थी और अब फिर से संबंधित विभागों से समन्वय कर अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।