Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गर्म हवाओं और तेज धूप ने बढ़ाई परेशानी, दिनभर झुलसता रहा जनजीवन


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़।

जिले में गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सूरज की किरणें सुबह आठ बजे के बाद ही चुभन पैदा करने लगीं, जिससे बाहर निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया।

मंगलवार को दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी का असर और तेज हो गया। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम नजर आई। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे भी छांव की तलाश करते दिखाई दिए।

दोपहर के समय करीब 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवा ने लू जैसा अहसास कराया। गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने गन्ने का रस, आम का पना, बेल का शरबत और लस्सी जैसे ठंडे पेयों का सहारा लिया।

घर के अंदर भी गर्मी से खास राहत नहीं मिल रही है। अब रात के समय भी तापमान में गिरावट कम होने से उमस और गर्माहट महसूस की जा रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, जिससे गर्मी और तेज होगी तथा गर्म हवाएं लोगों को और परेशान कर सकती हैं।