Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

खाद्य सुरक्षा विभाग ने नष्ट कराया 10 क्विंटल खराब पनीर


HALCHAL INDIA NEWS

संवादाता नरेंद्र सिंह - गाजियाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए करीब 10 क्विंटल खराब पनीर नष्ट कराया। यह पनीर गंदे ड्रमों और अस्वच्छ पानी में रखा गया था, जिससे इसके खराब होने की आशंका जताई गई।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार रात करीब 1:30 बजे कौशांबी पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने डाबर चौराहे पर एक बोलेरो पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन में 10 प्लास्टिक ड्रमों में पनीर भरा हुआ था।

जांच में पाया गया कि पनीर को गंदे ड्रमों और गंदे पानी में रखा गया था तथा उचित तापमान पर सुरक्षित नहीं रखा गया था। टीम ने पहले पनीर के दो नमूने जांच के लिए लिए और इसके बाद करीब तीन लाख रुपये कीमत का 10 क्विंटल पनीर गड्ढे में डलवाकर नष्ट कराया।

बताया गया कि यह पनीर मेसर्स इकरार डेयरी से लाया जा रहा था।

इसके अलावा शासन के निर्देश पर आइसक्रीम कंपनियों का भी विशेष निरीक्षण किया गया। साहिबाबाद की एक फर्म से संदेह के आधार पर सात आइसक्रीम के नमूने लिए गए। वहीं दिल्ली-मेरठ रोड स्थित एक फर्म से रबड़ी कुल्फी, बटर स्कॉच फ्लेवर और स्प्रेड ड्राइड डेयरी क्रीम के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि गर्मी के मौसम में बीमारियों के खतरे को देखते हुए दूध और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।