Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पुलिस चौकी के पास शनिदेव की मूर्ति खंडित, 24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी न होने पर फूटा लोगों का गुस्सा


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

पिलखुवा क्षेत्र में बस स्टैंड पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान शनिदेव की मूर्ति खंडित किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपित की गिरफ्तारी न होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने मंदिर परिसर के बाहर हंगामा कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

बताया गया कि मंगलवार सुबह श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भगवान शनिदेव की मूर्ति खंडित मिली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इसे माहौल खराब करने की साजिश बताते हुए आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी थी।


पुलिस द्वारा मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक युवक लोहे की रॉड लेकर घूमता हुआ दिखाई दिया। फुटेज सामने आने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि पुलिस जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लेगी, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर लोगों का आक्रोश बढ़ गया। बुधवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मंदिर के बाहर एकत्र हो गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।


प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि जब आरोपी सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट दिखाई दे रहा है तो उसकी गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है। लोगों ने पुलिस चौकी के नजदीक इस तरह की घटना होने पर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और जल्द आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।


थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।