Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिजली कटौती पर भड़के सभासद मोनू बजरंग, विद्युत कार्यालय का घेराव कर दी आंदोलन की चेतावनी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और जर्जर विद्युत व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। बुधवार को नगर पालिका परिषद हापुड़ के सभासद अमित शर्मा उर्फ मोनू बजरंग के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और मोहल्लेवासियों ने आवास विकास स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर अधीक्षण अभियंता का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने त्यागी नगर, नई शिवपुरी, फूटरी लाइन और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खराब बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि नई शिवपुरी की एक गली में पिछले तीन दिनों से पूरी तरह बिजली गुल है। क्षेत्र में लगी कमजोर विद्युत लाइन कई बार बीच से ब्लास्ट हो चुकी है और जगह-जगह अस्थायी जोड़ लगाकर काम चलाया जा रहा है। इसके चलते आए दिन फाल्ट होने से पूरी रात लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में पानी की भी भारी समस्या खड़ी हो गई है और भीषण गर्मी में लोगों का जीना दूभर हो गया है।


मोहल्ले की महिलाओं ने बताया कि रातभर बिजली न आने के कारण बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग केवल आश्वासन दे रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।

सभासद मोनू बजरंग ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली घर की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। कभी एक फेस गायब रहता है तो कभी पूरी लाइन ठप हो जाती है। जर्जर तार और कमजोर लाइनें किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही हैं। उन्होंने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द नई लाइन नहीं डाली गई और व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


सभासद मोनू बजरंग ने कहा, “त्यागी नगर, नई शिवपुरी और फूटरी लाइन क्षेत्र के लोग पिछले कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे हैं। तीन दिन से एक गली में पूरी तरह अंधेरा है। कमजोर लाइनें बार-बार फट रही हैं, जिन पर केवल जोड़ लगाकर काम चलाया जा रहा है। रातभर बिजली नहीं रहती, लोग पानी के लिए तरस रहे हैं और गर्मी में परिवारों का हाल बेहाल है। कई बार शिकायत के बावजूद अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे। 


हम जनता की आवाज उठाने आए हैं। अगर तुरंत नई लाइन नहीं डलवाई गई और व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो हम यहीं कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जनता अब और लापरवाही सहने वाली नहीं है।” घेराव और प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने विभाग से तत्काल नई लाइन डालने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।