Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

लाइन टूटने से ट्रेनों का संचालन बिगड़ा, यात्रियों को हुई परेशानी

HALCHAL INDIA NEWS

Hapur Railway Station पर मंगलवार को ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। बरेली और शाहजहांपुर के बीच तेज आंधी के दौरान पेड़ टूटकर ओएचई लाइन पर गिर गया, जिससे करीब छह घंटे तक रेल संचालन बाधित रहा। इस कारण दिल्ली की ओर आने वाली कई ट्रेनों को रास्ते में ही रोकना पड़ा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

देर से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में चंडीगढ़-धनबाद स्पेशल करीब नौ घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस सात घंटे 30 मिनट, लखनऊ मेल सात घंटे 30 मिनट और नौचंदी एक्सप्रेस सात घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। वहीं गरीब रथ एक्सप्रेस छह घंटे, अवध असम एक्सप्रेस चार घंटे, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस चार घंटे 30 मिनट और सत्याग्रह एक्सप्रेस तीन घंटे 30 मिनट लेट रही।

इसके अलावा आला हजरत एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और मुरादाबाद-गाजियाबाद मेमू ट्रेन करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। ट्रेनों के लगातार लेट होने से स्टेशन पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि तेज आंधी के कारण ओएचई लाइन पर पेड़ गिरने से रेल संचालन प्रभावित हुआ, जिसके चलते पीछे से आने वाली ट्रेनों की आवाजाही भी बाधित रही।