Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बेटी की शादी के सपने आग में राख, मजदूर पिता की वर्षों की कमाई पलभर में स्वाहा


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। गांव परतापुर में रविवार देर रात लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार की जिंदगी भर की मेहनत को राख में बदल दिया। मजदूरी कर परिवार का पेट पालने वाले लक्ष्मण कोरी की बेटी की शादी के लिए वर्षों से जोड़े गए कपड़े, आभूषण, घरेलू सामान और नकदी आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद परिवार की आंखों में सिर्फ आंसू और टूटी उम्मीदें बची हैं।

बताया गया कि कोतवाली क्षेत्र के गांव परतापुर निवासी लक्ष्मण कोरी पुत्र वसंत सिंह बेहद साधारण आर्थिक स्थिति में अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की शादी को लेकर वह लंबे समय से थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाकर सामान जुटा रहे थे। रविवार रात भीषण गर्मी के चलते परिवार मकान की छत पर सोने चला गया था। इसी दौरान घर के अंदर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चंद मिनटों में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।


घर से उठती तेज लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बाल्टियां और पानी के अन्य साधन लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।


आग में बेटी की शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, आभूषण, बिस्तर, घरेलू सामान और करीब 30 हजार रुपये की नकदी भी खाक हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार ने मजदूरी कर-करके बड़ी मुश्किल से यह सामान इकट्ठा किया था। हादसे के बाद लक्ष्मण कोरी और उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव के लोगों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि गरीब परिवार के लिए यह नुकसान किसी बड़े संकट से कम नहीं है।