Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पाशु के परिजनों की डीआईजी से मांग, गैरजिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर हो कार्रवाई


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक पाशु के परिजनों ने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। परिजनों ने डीआईजी से शिकायत कर आरोप लगाया है कि घटना के सात दिन बाद भी छह आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे सिंभावली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

                         

परिजनों के अनुसार आरोपियों ने युवक पर बाइक की चाबी, लात-घूंसों और अन्य वस्तुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल युवक अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घायल के भाई ललित ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने करीब 20 घंटे की देरी से रिपोर्ट दर्ज की और अब आरोपियों की गिरफ्तारी में भी अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किए जाने का दावा किया था, लेकिन सात दिन बीतने के बाद भी केवल एक आरोपी फैजान की गिरफ्तारी हो सकी है। अन्य छह आरोपी अब भी फरार हैं।

घायल के भाई गुरजीत शर्मा का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को और सक्रियता दिखानी चाहिए थी। उन्होंने फरार आरोपियों पर जल्द इनाम घोषित करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब पीड़ित युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, तब पुलिस की धीमी कार्रवाई परिवार को निराश कर रही है।

अस्पताल में डटे हैं परिजन

घटना के बाद से पाशु के परिजन अस्पताल में ही मौजूद हैं। परिवार के सदस्य बारी-बारी से उसकी देखभाल कर रहे हैं। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार घायल की लगातार निगरानी की जा रही है।

जल्द होगी गिरफ्तारी : एसपी

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। यदि आरोपी जल्द गिरफ्तार नहीं होते हैं तो उन पर इनाम घोषित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।