Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मकान के बाहर बने कमरे में लगी आग, घरेलू सामान जलकर राख


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना देहात क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित इंद्रलोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक मकान के बाहर बने कमरे में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से कमरे और उससे जुड़े किचन में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

                                     

जानकारी के अनुसार, अरुण कोहली के मकान के बाहर बने कमरे में रायबरेली निवासी सुधा अपने परिवार के साथ किराए पर रहती हैं। मंगलवार दोपहर अचानक कमरे में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे कमरे और किचन को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। आग से कमरे में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

दमकलकर्मियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। आग किचन तक पहुंच चुकी थी और वहां रखा गैस सिलिंडर भी खतरे की जद में था। टीम ने सबसे पहले सिलिंडर को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे संभावित विस्फोट की आशंका समाप्त हो गई।

इस दौरान कमरे में मौजूद एक पालतू खरगोश को भी दमकलकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए थे। आग बुझाने के बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को गैस सिलिंडर और घरेलू आगजनी की घटनाओं से बचाव संबंधी जरूरी जानकारी भी दी।