Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

औद्योगिक कॉरिडोर विस्तार: जखेड़ा में 200 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण की तैयारी


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रस्तावित औद्योगिक कॉरिडोर के लिए कुल लगभग 300 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। दूसरे चरण में गांव जखेड़ा की करीब 200 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इसके लिए राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन और प्रारंभिक सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है।

एसडीएम श्रीराम यादव ने बताया कि यह परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे से सटे इलाके में विकसित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। योजना को आगे बढ़ाने में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) और स्थानीय प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं।

पहले चरण में शंकराटीला, रहरवा किरयावली, चूचावली और सदरपुर गांवों में लगभग 107 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। अब जखेड़ा की अतिरिक्त जमीन शामिल कर कॉरिडोर का दायरा बढ़ाया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शासन के नियमों के अनुरूप पूरी की जाएगी और किसानों को निर्धारित दरों पर मुआवजा दिया जाएगा। प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में भविष्य में फैक्ट्री, गोदाम और लघु एवं मध्यम उद्योग इकाइयां स्थापित की जा सकेंगी।

परियोजना के लागू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है। साथ ही एक्सप्रेसवे से सीधा संपर्क होने के कारण यह इलाका निवेशकों के लिए आकर्षक बन सकता है और आसपास की जमीनों के दामों में भी बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।