HALCHAL INDIA NEWS
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव हृदयपुर में सोमवार शाम बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक बड़े झगड़े में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट के साथ गोली चलने की घटना हो गई।
घटना के दौरान मिठाई की दुकान के बाहर मौजूद किशोर देव कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। परिजन उसे तुरंत गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घायल के पिता संजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी गांव में मिठाई की दुकान है। शाम के समय दुकान के सामने गांव के ही कुछ लोगों के बीच बच्चों को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों ओर से अन्य लोग भी पहुंच गए और झगड़ा बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। एक गोली वहां मौजूद एक युवक को छूती हुई देव कुमार की बाजू में जा लगी।
घटना दो समुदायों से जुड़ी होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।







.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin