हापुड़।
मेरठ मंडल के आयुक्त भानू चंद्र गोस्वामी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट हापुड़ का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की और अधिकारियों-कर्मचारियों को रिकॉर्ड प्रबंधन तथा कार्यों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जबकि जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
निरीक्षण से पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक कार्यों का व्यवस्थित रजिस्टर तैयार कर अभिलेखों को प्रतिदिन अद्यतन रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन और शिकायत का पूरा विवरण—प्राप्ति की तिथि, की गई कार्रवाई, लंबित स्थिति तथा निस्तारण की जानकारी रजिस्टर और कंप्यूटर में सुरक्षित रूप से दर्ज होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने राजस्व लेखा विभाग, रिकॉर्ड रूम, भूलेख, संयुक्त कार्यालय, शस्त्र अनुभाग सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर पत्रावलियों के रखरखाव और रिकॉर्ड प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण होता रहता है, इसलिए प्रत्येक कार्य का स्पष्ट उल्लेख अभिलेखों में होना आवश्यक है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनी रहे।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने पटल के कार्यों का नियमित निरीक्षण और साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर अधिकारी को अपने अनुभाग के सभी कार्यों की जानकारी होना अनिवार्य है और रिकॉर्ड संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि अगली समीक्षा से पूर्व सभी विभाग रिकॉर्ड व्यवस्था और कार्यप्रणाली को पूरी तरह व्यवस्थित करना सुनिश्चित करें।







.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin