Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ब्रजघाट में नाव से मिला ज्वाइंट डायरेक्टर का शव, पुलिस जांच में जुटी


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित ब्रजघाट पर बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गंगा किनारे खड़ी एक नाव में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सरकारी प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग में तैनात संयुक्त निदेशक 55 वर्षीय बच्चू सिंह के रूप में हुई है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह टहलने आए लोगों और नाविकों ने नाव में पड़े व्यक्ति को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के तहत सीपीआर देने का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चू सिंह मूल रूप से अलीगढ़ जिले के निवासी थे और उनकी तैनाती रामपुर में निदेशालय एवं मुद्रणालय से संबंधित विभाग में संयुक्त निदेशक पद पर थी। सूचना मिलने पर परिजन भी ब्रजघाट पहुंच गए। परिवार के सदस्यों का कहना है कि वे घर से किसी कार्य के लिए निकले थे, लेकिन ब्रजघाट कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।


थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली पुलिस और ब्रजघाट चौकी संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार मृतक के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक विवाहित पुत्री है। उनकी पत्नी पुत्र के साथ प्रयागराज में रहती हैं, जबकि पुत्री की शादी अलीगढ़ में हुई है। पोस्टमार्टम के दौरान परिवार के सदस्य मौजूद रहे।