Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बदलते मौसम में बुजुर्गों की सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ीं


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

मौसम में हो रहे लगातार बदलाव का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों की सेहत पर पड़ रहा है। अस्पतालों में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज आ रहे हैं, जिन्हें सांस लेने में परेशानी, फेफड़ों में संक्रमण और कमजोरी की शिकायत हो रही है। चिकित्सकों के अनुसार 60 वर्ष से ऊपर के कई मरीजों में यह समस्या तेजी से बढ़ रही है।

सीएचसी के फिजिशियन डॉ. अशरफ अली ने बताया कि ठंड-गर्मी के उतार-चढ़ाव, बढ़ते प्रदूषण और कमजोर इम्यूनिटी के कारण बुजुर्ग जल्दी बीमार पड़ रहे हैं। इन दिनों दमा, ब्रोंकाइटिस और सीओपीडी जैसी सांस से जुड़ी बीमारियों के मामले अधिक सामने आ रहे हैं।

पेशाब और प्रोस्टेट की समस्याएं भी आम

डॉक्टरों के अनुसार बुजुर्गों में पेशाब से जुड़ी परेशानियां भी बढ़ गई हैं। बार-बार पेशाब आना, जलन महसूस होना, रुक-रुककर पेशाब होना या पूरी तरह साफ न होना जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं। प्रोस्टेट बढ़ने की समस्या से भी कई बुजुर्ग परेशान हैं।

सीएचसी प्रभारी डॉ. कपिल गौतम ने बताया कि मौसम बदलने से रक्त संचार प्रभावित होता है, जिससे शरीर में बेचैनी, नींद की कमी और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि ओपीडी में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।