Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पिलखुवा में महा रुद्राभिषेक का आयोजन, 301 दंपतियों ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। धर्मयात्रा सेवा समिति (रजि.) के तत्वावधान में सोमवार को चंडी मंदिर परिसर में भगवान शिव का 14वां महा रुद्राभिषेक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक कार्यक्रम में 301 दंपतियों ने एक साथ शिवलिंग का अभिषेक कर परिवार और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर शिवभक्ति के जयकारों से गूंजता रहा।

इससे पहले रविवार को समिति की ओर से नगर में शोभायात्रा भी निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भगवान शिव की आकर्षक झांकियां और भक्ति गीतों के बीच यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया।

समिति के महामंत्री राहुल मित्तल ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से महा रुद्राभिषेक का आयोजन करती आ रही है और यह कार्यक्रम अब शहर की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल हो चुका है। वैदिक विधि-विधान के अनुसार भगवान शिव का दुग्ध, गंगाजल, शहद और अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक किया गया।

नगर पालिका पिलखुवा के अध्यक्ष विभू बंसल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आस्था और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने भगवान शिव से नगर में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, विनय अग्रवाल, सत्यनारायण बंसल, रामनिवास बंसल, शिवकुमार मित्तल, संजय मित्तल, मयूर गुप्ता, अंशुल मित्तल, प्रदीप सिंघल, पंकज अग्रवाल, नीरज मित्तल, अनिल कंसल सहित कई पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।