Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आलू के दाम गिरे, 85 प्रतिशत शीतगृह भरे; मंडी में 4 से 6 रुपये किलो तक बिक रहा आलू


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में आलू उत्पादकों को इस समय कम कीमतों का सामना करना पड़ रहा है। मंडियों में आलू की कीमत घटकर 4 से 6 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। शीतगृहों में लगभग 85 प्रतिशत तक आलू का भंडारण हो चुका है, जबकि खेतों में अभी भी करीब 20 प्रतिशत फसल की खुदाई बाकी है।

उद्यान विभाग के मुताबिक इस बार जिले में करीब 4500 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में आलू की खेती की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा है। निजी कंपनियों की ओर से भी बड़े पैमाने पर कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग कराई गई। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में खुदाई का काम प्रभावित हो रहा है, जिससे किसान परेशान हैं।

जनपद में संचालित 20 शीतगृहों में तेजी से आलू भंडारित किया जा रहा है और छोटे शीतगृह लगभग भर चुके हैं। शीतगृहों के बाहर किसानों की कतारें लग रही हैं। बाहर से मांग कम मिलने और मंडी में अधिक आवक होने के कारण पिछले दस दिनों में आलू के दाम प्रति बैग करीब 50 रुपये तक गिर गए हैं।

मंडी से मिली जानकारी के अनुसार हाईब्रिड आलू का एक बैग करीब 200 रुपये में और चिप्स बनाने वाला आलू 300 से 350 रुपये प्रति बैग तक बिक रहा है। हालांकि खुदरा बाजार में दुकानदार आलू लगभग 10 रुपये प्रति किलो तक बेच रहे हैं।

जिला उद्यान अधिकारी डॉ. हरित ने बताया कि जिले के शीतगृहों में भंडारण लगातार जारी है और फिलहाल भंडारण शुल्क बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। बारिश के चलते खुदाई प्रभावित हुई है, लेकिन किसान बाजारों में भी सीधे बिक्री कर रहे हैं।