Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बारिश के बीच गैस सिलिंडर के लिए लगी लंबी कतारें, छाता लेकर इंतजार करते रहे उपभोक्ता


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की बढ़ती मांग के कारण गैस एजेंसियों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को बारिश होने के बावजूद लोग छाता लेकर एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े दिखाई दिए और घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई उपभोक्ता थकान के चलते सिलिंडर पर बैठकर ही कतार में समय बिताते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 36 गैस एजेंसियां संचालित हैं, लेकिन पिछले चार दिनों में गैस बुकिंग की संख्या में अचानक इजाफा हुआ है। ईद और नवरात्र जैसे त्योहारों के चलते सिलिंडर की मांग बढ़ने से एजेंसियों पर लंबी लाइनें लग रही हैं। विभाग का कहना है कि सिलिंडर की उपलब्धता पर्याप्त है, फिर भी अफवाहों और अधिक बुकिंग के कारण भीड़ कम नहीं हो रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, कई लोग ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद भी खुद गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं, जबकि डिलीवरी व्यवस्था पहले से ही शुरू कर दी गई है। इससे एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि जनपद की सभी 36 गैस एजेंसियों पर गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हो रही है, उन्हें समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही पीएनजी पाइपलाइन का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। रेलवे रोड, मेरठ रोड, गढ़ रोड, दिल्ली रोड, स्वर्ग आश्रम रोड और पिलखुवा क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जबकि धौलाना एमजी रोड पर एनएचएआई से अनुमति मिलने के बाद अगले दो माह में काम शुरू किया जाएगा।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैस बुकिंग कराएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर मिल सके।