Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हल्की बारिश से मौसम हुआ ठंडा, आज भी बरसात के संकेत


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

पिछले कुछ दिनों से मौसम में हो रहे बदलाव के बीच हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। गुरुवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में बूंदाबांदी होती रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मार्च के महीने में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप से गर्मी बढ़ जाती है तो कभी बादल और हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो जाता है। इसी क्रम में बुधवार शाम हुई बारिश के बाद गुरुवार को भी बादलों का असर बना रहा।

सुबह से ही आसमान ढका रहा और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। इससे वातावरण में ठंडक बढ़ी और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, बूंदाबांदी के चलते दोपहिया वाहन चालकों को कुछ परेशानी भी झेलनी पड़ी।

तापमान में भी कमी आई है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते यह बदलाव हो रहा है। शुक्रवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान और गिर सकता है तथा अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है।