Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

समाधान दिवस में उमड़ी शिकायतों की बाढ़, तीनों तहसीलों में 102 मामले दर्ज, मौके पर निस्तारण के निर्देश

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों की बाढ़ सी आ गई। गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना और हापुड़ तहसीलों में कुल 102 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर 11 मामलों का निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने शेष शिकायतों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने के निर्देश दिए।


गढ़मुक्तेश्वर तहसील में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय व पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 68 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर ही जिलाधिकारी द्वारा निस्तारण कराया गया। समाधान दिवस में घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद सहित विभिन्न प्रकार की समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने उपस्थित सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय सीमा के भीतर कार्रवाई अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। 


इस दौरान उप जिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार गढ़मुक्तेश्वर, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, धौलाना तहसील में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी द्वारा की गई, जहां 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी क्रम में हापुड़ तहसील में 18 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 5 मामलों का तत्काल समाधान कराया गया।