Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आईजीआरएस शिकायतों पर सख्त हुए डीएम, बोले—गुणवत्ता से करें निस्तारण, नहीं तो गिरेगी जनपद की रैंकिंग


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता न बनाकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और उनके निस्तारण की समीक्षा की।


बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल की लगातार शासन स्तर से निगरानी की जाती है और शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता के आधार पर जनपद की रैंकिंग तय होती है। ऐसे में यदि शिकायतों का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया तो इससे जनपद की रैंकिंग प्रभावित होगी, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग आईजीआरएस पोर्टल पर खराब दिखाई दे रही है, वे तत्काल सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि हर शिकायत के निस्तारण से पहले संबंधित शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसकी समस्या को पूरी तरह समझा जाए और उसे संतुष्ट किया जाए। इसके बाद ही निस्तारण की आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केवल कागजी कार्रवाई पूरी कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायत का वास्तविक समाधान होना जरूरी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले विभागों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने दोहराया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त हर शिकायत के निस्तारण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि जनपद की छवि बेहतर बने और आमजन को समय पर न्याय मिल सके।