Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

यूपीएसआईडीसी में गैस की कमी से उद्योग संकट में, 1500 से अधिक इकाइयों का उत्पादन प्रभावित


HALCHAL INDIA NEWS

धौलाना। मसूरी-गुलावठी रोड स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में एलपीजी की किल्लत से उद्योगों के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। कमर्शियल गैस सिलिंडर समय पर उपलब्ध न होने के कारण फैक्टरियों का काम प्रभावित हो रहा है और कई इकाइयों में उत्पादन धीमा पड़ गया है। उद्यमियों ने इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल समाधान की मांग की है।



औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में फैक्टरियां गैस सिलिंडरों पर निर्भर हैं। मौजूदा समय में सिलिंडर की आपूर्ति बेहद सीमित हो गई है, जिससे उद्योगों के सामने संचालन जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है। कुछ इकाइयों में उत्पादन घट गया है, जबकि कई जगह काम रुकने की आशंका जताई जा रही है।

उद्यमियों का कहना है कि गैस की कमी के साथ-साथ नए एलपीजी कनेक्शन भी लंबे समय से लंबित हैं। यदि लंबित कनेक्शनों को जल्द स्वीकृति मिल जाए तो उद्योगों को राहत मिल सकती है और उत्पादन प्रक्रिया सामान्य हो सकती है।

एमजीआर इंडस्ट्रियलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो कई उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच जाएंगे। इससे उद्योग जगत को आर्थिक नुकसान होगा, सरकार के राजस्व पर असर पड़ेगा और हजारों श्रमिकों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है।

उद्यमियों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति को सुचारु कराया जाए और लंबित कनेक्शनों को जल्द मंजूरी देकर औद्योगिक गतिविधियों को बचाया जाए।