Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जनगणना 2027: अब पोर्टल पर खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी, दो चरणों में होगी प्रक्रिया


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनगणना 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की योजना है, जिससे नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जनगणना की शुरुआत 22 मई से होने जा रही है।

कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया पारदर्शी और सटीक रखने के लिए इसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा।

पहले चरण में 22 मई से 20 जून तक मकानों की गणना और सूचीकरण किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर भवनों का विवरण तैयार करेंगे। दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें परिवार और सदस्यों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी।

इस बार नागरिकों को सेल्फ एन्युमरेशन की सुविधा दी गई है, जिससे वे अपनी सुविधा अनुसार पोर्टल या मोबाइल एप पर प्रश्नावली भर सकते हैं। इसके बाद प्रगणक द्वारा मौके पर जाकर जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।

जनगणना कार्य को समय पर पूरा करने के लिए प्रगणक और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 6 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जनगणना निदेशालय के अधिकारियों ने बताया कि घर-घर जाकर करीब 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी, जिसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, आयु, शिक्षा, आय, वाहन, टीवी, फ्रिज, एसी सहित अन्य सुविधाओं का विवरण शामिल रहेगा।