Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हाईवे पर पशुओं से भरा कैंटर पकड़ा, 44 मृत और 34 जीवित मिले, तीन गिरफ्तार


HALCHAL INDIA NEWS

गजरौला (अमरोहा)। ब्रजघाट क्षेत्र में हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पशुओं से लदे एक कैंटर को रोककर कार्रवाई की। वाहन में ठूंसकर पशु भरे गए थे, जिनमें कई की हालत बेहद खराब थी। जांच में 78 पशु मिले, जिनमें 44 की मौत हो चुकी थी, जबकि 34 जीवित पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम हाईवे पर नियमित जांच अभियान चला रही थी, तभी दिल्ली की ओर जा रहे एक संदिग्ध कैंटर को रोका गया। त्रिपाल हटाकर देखने पर अंदर पशुओं को अमानवीय तरीके से भरा हुआ पाया गया। कई पशु दम घुटने के कारण गंभीर हालत में थे। पूछताछ में आरोपियों ने मांस कारोबार से जुड़े होने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने सभी पशुओं को उतरवाकर गिनती कराई। जीवित पशुओं को मोहम्मदाबाद स्थित गोशाला भेजा गया, जबकि मृत पशुओं को दफनाया गया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।