Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

25 लाख की फिरौती के लिए युवक का अपहरण, हापुड़ पुलिस ने महिला समेत 6 अपहरणकर्ता बदमाश दबोचे


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

25 लाख रुपये की फिरौती के लिए युवक का अपहरण कर उसे अलीगढ़ में बंधक बनाकर रखने वाले गिरोह का हापुड़ पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। जनपदीय स्वाट टीम और थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर एक महिला सहित छह अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से फिरौती के रूप में वसूले गए 7.50 लाख रुपये नकद, अवैध असलहा, चाकू और घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद की गई है।


पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को अमरोहा जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर चौपला निवासी फाजिल हयात पुत्र शरीफ देवबंद से वापस अपने घर लौट रहा था। बताया गया कि अल्लाबक्शपुर टोल से ही बदमाशों ने उसका पीछा शुरू कर दिया था। गजरौला चौपला के पास पहुंचते ही आरोपित सलमान और मसूद ने अपने साथियों आकाश, राहुल त्यागी और नीरज कुमार के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से उसका अपहरण कर लिया और उसे अलीगढ़ ले गए।

वहां आरोपित राहुल त्यागी ने अपनी पत्नी शिखा त्यागी के साथ मिलकर अपहृत युवक और अपहरणकर्ताओं को अपने घर में ठहराया। इसके बाद बदमाशों ने युवक के परिजनों से संपर्क कर 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। परिजनों के पास लगातार धमकी भरे कॉल आने लगे, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम को लगाया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार दबिश दी।

आखिरकार संयुक्त पुलिस टीम ने स्याना रोड स्थित वेदान्ता कॉलेज के पास से एक महिला सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। पुलिस ने उनके कब्जे से अपहृत युवक फाजिल हयात को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी में 7.50 लाख रुपये नकद, दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू तथा घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (UP 16 FC 5828) शामिल हैं। 

पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने फिरौती की रकम का एक हिस्सा पहले ही खर्च कर दिया था, जबकि शेष रकम बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपितों में मोहम्मद सलमान निवासी हमदर्द नगर, थाना सिविल लाइन अलीगढ़, मसूद अहमद निवासी खुर्जा नगर बुलंदशहर, आकाश निवासी कन्नौज हाल निवासी दादरी, नीरज कुमार निवासी बिजनौर हाल निवासी गौतमबुद्धनगर, राहुल त्यागी निवासी गाजियाबाद हाल निवासी अलीगढ़ और उसकी पत्नी श्रुति उर्फ शिखा त्यागी उर्फ जूली शामिल हैं।