Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

धूलभरे मौसम का असर, सूखी खांसी के मरीज बढ़े; जन आरोग्य शिविरों में 250 लोग पहुंचे


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

बदलते मौसम और धूलभरी हवाओं के चलते लोगों में खांसी और बुखार जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। रविवार को लगे जन आरोग्य शिविरों में बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचे। कुल 1672 लोगों ने ओपीडी में पंजीकरण कराया, जिनमें करीब 250 मरीज सूखी खांसी से परेशान थे।

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि हवा में मौजूद महीन धूल के कण श्वसन तंत्र को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे लोगों को गले में खराश, सूखी खांसी और सीने में जकड़न जैसी समस्याएं हो रही हैं। बच्चों में भी इस तरह के लक्षण देखे जा रहे हैं।

डॉक्टरों ने शिविर में आए मरीजों को आवश्यक दवाएं दीं और सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही, मौसम बदलने के कारण वायरल बुखार के मामले भी सामने आ रहे हैं।

बुखार से पीड़ित 12 मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए, जिनमें मलेरिया के संकेत मिले हैं। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं ने भी स्वास्थ्य जांच कराई। आंख और कान से जुड़ी गंभीर समस्याओं वाले कुछ मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें और खानपान में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि बीमारियों से बचा जा सके।