Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

खाद्य पदार्थों में मिलावट पर सख्ती, दूध-दाल समेत कई नमूने फेल, 5.65 लाख का जुर्माना

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर की गई जांच में कई चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पिछले वर्ष अलग-अलग स्थानों से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट में दूध, दाल, पनीर, जूस और मिठाई सहित कई खाद्य सामग्री असुरक्षित और अधोमानक पाई गई। इसके बाद न्याय निर्णायक अधिकारी की अदालत ने 21 मामलों में कुल 5.65 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

जांच के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें पनीर, सरसों का तेल, मिल्क केक, साबूदाना, अरहर और मसूर की दाल, गाय और मिश्रित दूध, कुट्टू का आटा, चिप्स और आइसक्रीम जैसे उत्पाद शामिल हैं। अलग-अलग मामलों में 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया गया है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मिलावट और घटिया खाद्य सामग्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जाती है और रिपोर्ट खराब मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाती है।

सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभाग आगे भी इसी तरह जांच और कार्रवाई जारी रखेगा, ताकि मिलावट करने वालों पर रोक लगाई जा सके।